1. विजय यादव ( फ़ाइल फोटो )
Koderma, JHARKHAND
जयनगर थाना में हिरासत में लिए गए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान परसाबाद के कटिया गांव निवासी विजय यादव (40) के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, विजय यादव को उनकी पत्नी चमेली देवी की शिकायत पर पुलिस ने हिरासत में लिया था। पत्नी ने आरोप लगाया था कि विजय शराब के नशे में अक्सर मारपीट और दुर्व्यवहार करते थे।
शुक्रवार सुबह विजय को थाना हाजत में रखा गया था। दिन में करीब 11 बजे उसकी पत्नी और पुत्री उससे मिलने आईं। कुछ देर बाद जब वे लौट गईं, उसी दौरान पुलिस की गैर मौजूदगी में विजय ने कथित रूप से फांसी लगा ली।
आनन-फानन में पुलिस उसे सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि उसने गले में मौजूद धागे की माला से खुद को कस लिया, जबकि डॉक्टरों के अनुसार मौत फांसी से हुई है। मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस पर मारपीट का आरोप, थाने में बवाल
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जयनगर थाना में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हिरासत में लेने के दौरान विजय के साथ मारपीट की थी। विशेष रूप से परसाबाद पिकेट के वाहन चालक पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
DSP ने दिए जांच के आदेश
मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने कहा है कि यदि जांच में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments
0 comment